
रायपुर – गरियाबंद जिले के मैनपुर में आयोजित अश्लील ओपेरा कार्यक्रम को नियम विरुद्ध अनुमति देने के मामले में डिप्टी कलेक्टर तुलसीदास मरकाम को निलंबित कर दिया गया है।
गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम उरमाल में आयोजित तथाकथित ओपेरा कार्यक्रम में अश्लील नृत्य के आरोपों के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जांच में सामने आया कि तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर तुलसीदास मरकाम ने नियमों के विपरीत कार्यक्रम की अनुमति दी और कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहने के बावजूद आपत्तिजनक गतिविधियों को नहीं रोका।
अपर कलेक्टर गरियाबंद की जांच रिपोर्ट और कारण बताओ नोटिस के असंतोषजनक जवाब के बाद रायपुर संभाग आयुक्त एम.डी. कांवरे ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उल्लंघन का हवाला देते हुए डिप्टी कलेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय बलौदाबाजार-भाटापारा निर्धारित किया गया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल है और आगे विभागीय जांच की भी संभावना जताई जा रही है।




