बिलासपुर

सरेराह युवक ने खुद को लगाई आग, खौफनाक घटना CCTV में कैद, हालत नाजुक

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। यहां एक युवक ने सरेराह खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है,इस खौफनाक घटना को जिसने भी देखा, वह दहशत में आ गया।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पौशरी निवासी मनजीत जायसवाल (उम्र करीब 28 से 30 वर्ष) ने पहले पेट्रोल पंप से पेट्रोल लिया। इसके बाद वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से निकला और चलते-चलते खुद पर पेट्रोल डाल लिया। कुछ दूरी पर गाड़ी रोककर उसने अचानक खुद को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते युवक आग की लपटों में घिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तुरंत सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। फिलहाल युवक ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसकी वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी थी, जिसने एक युवक को इस खतरनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर स्तब्धता और चर्चा का माहौल है।

 

Related Articles

Back to top button