पुलिस की मुस्तैदी से बची मासूम की जान; बोरे में बंद मिली 5 साल की बच्ची, अपहरण कर दुष्कर्म की कोशिश…!

दुर्ग के उतई थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पुलिस की तत्परता ने एक 5 साल की मासूम को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया, घटना बंजारी पारा की है, जहाँ दोपहर 2 बजे एक बच्ची के लापता होने की सूचना मिली।
पुलिस ने बिना वक्त गंवाए संवेदनशीलता दिखाई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, तलाशी के दौरान एक सुनसान खंडहर के पास झाड़ियों में पुलिस को एक बोरा मिला, जिससे मासूम के पैर बाहर दिख रहे थे। बोरा खोलने पर बच्ची अचेत अवस्था में मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शुरुआती जांच में बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास की बात सामने आई है। मौके पर ‘सीन ऑफ क्राइम’ की टीम साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया है जिससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन विवेचना जारी है और आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।




