बिलासपुर

पति ने सब्बल से की पत्नी की हत्या….

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – कोनी थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मामूली विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी की सब्बल से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के समय दंपत्ति के तीन छोटे बच्चे घर के अंदर ही मौजूद थे। पांच वर्षीय बच्चे ने दौड़कर अपनी नानी को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद गांव में दहशत फैल गई।

Advertisement

मिली जानकारी के मुताबिक तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी निवासी संतोषी केवट पिछले दो महीनों से अपने पति जितेंद्र केवट और तीनों बच्चों के साथ लोफंदी (कोनी क्षेत्र) में रहकर मजदूरी कर रही थी। बुधवार रात भोजन के बाद पति–पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी पति ने घर में रखे सब्बल से संतोषी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

Advertisement

हमले के दौरान पांच वर्षीय बच्चा बीच-बचाव करने की कोशिश करता रहा, लेकिन आरोपी ने संतोषी की मौके पर ही हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया। भयभीत बच्चा तुरंत अपनी नानी के घर पहुंचा और पूरी घटना बताई। संतोषी की मां मौके पर पहुंची तो बेटी खून से लथपथ मृत अवस्था में मिली।

घटना की सूचना पर कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपी जितेंद्र केवट की तलाश जारी है। तीन छोटे बच्चों के सामने हुई इस दर्दनाक घटना से गांव में गमगीन माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button