देश

राजस्थान के भाजपा विधायक ने प्रियंका गांधी को क्यों भेजा जयपुर आने का ट्रेन टिकट..?

जयपुर। राजस्थान के कांग्रेस विधायक जौहरी लाल मीणा के पुत्र दीपक सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। भाजपा इस मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रही है। हालांकि अभी तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस बीच, पूर्व विधायक और भाजपा नेता जितेंद्र गोठवाल ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को रेल का टिकट भेजकर पीड़िता से मिलने आने का आग्रह किया है। गोठवाल ने प्रियंका गांधी को ट्वीट कर कहा कि नाबालिग लड़की आपके विधायक के बाहुबल के आगे लड़ नहीं पा रही है। प्रियंका जी आपके लिए रेल का टिकट भेज रहा हूं, तुरंत जयपुर आइए, क्योंकि राजस्थान में लड़कियां लड़ नहीं पा रही हैं।

अपने इस ट्वीट के साथ उन्होंने रेल का टिकट शेयर किया है। गोठवाल ने एक पत्र भी प्रियंका को लिखा है, जिसमें भी उनसे राजस्थान आकर लड़कियों की मदद करने का आग्रह किया गया है। प्रियंका के लिए सोमवार को शताब्दी एक्सप्रेस रेल का करवाया गया टिकट लेकर सोमवार सुबह भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता दिल्ली पहुंची। महिला कार्यकर्ताओं ने दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर प्रियंका गांधी का इंतजार किया।

प्रियंका को लेने पहुंची महिला कार्यकर्ता

गोठवाल ने कहा कि प्रदेश में दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। डेढ़ महीने पहले अलवर में एक मूक-बधिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म हुआ था, जिसे सरकार ने झूठा साबित कर दिया। उस समय प्रियंका रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघ देखने आई थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राजस्थान में दुष्कर्म की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जबकि प्रियंका ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में नारा दिया था, मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं। उन्होंने कहा कि यदि प्रियंका के दिल में लड़कियों के लिए मान सम्मान और चिंता है तो वे जयपुर आकर उनकी लड़ाई लड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button