रायपुर
सोलर पैनल लगाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए दो कर्मचारी, मौके पर हुई मौत

राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। कुकरीपारा स्थित सर्वोदय स्कूल के पास सोलर पैनल असेंबल करने के दौरान दो कर्मचारी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, काम के दौरान सोलर पैनल 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसमें तेज करंट दौड़ गया। करंट लगने से आशीष और प्रमोद चंद्राकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक दुर्ग जिले के औंधी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंचनामा के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




