बिलासपुर के दो खिलाड़ी इंडो–नेपाल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर रेलवे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि रेलवे स्कूल के दो छात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। छात्र शुभम साहू और पियूष कैवर्त का चयन नेपाल में आयोजित होने वाली इंडो–नेपाल बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 17 मार्च से 21 मार्च तक खेली जाएगी, जिसमें दोनों खिलाड़ी भारत की ओर से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। शुभम साहू, सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल नंबर–1 के छात्र हैं, जबकि पियूष कैवर्त भारत माता इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्र हैं।
दोनों खिलाड़ी लंबे समय से बिलासपुर रेलवे स्कूल में बास्केटबॉल का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनको प्रशिक्षित करने में टी.एस. प्रकाश राव का विशेष योगदान रहा है। वे भारतीय बास्केटबॉल टीम के पूर्व खिलाड़ी और कप्तान रह चुके हैं। वर्तमान में बिलासपुर में युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
दोनों खिलाड़ियों के चयन से बिलासपुर और रेलवे परिवार में खुशी का माहौल है। अधिकारियों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने की कामना की है।




