
बिलासपुर – एनटीपीसी सीपत से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। दीपका से कोयला लेकर आई ट्रेन जब एनटीपीसी परिसर में खाली की जा रही थी, उसी दौरान एक हॉपर में एक युवक का शव बरामद हुआ।
यह घटना उस वक्त उजागर हुई जब मजदूर ट्रैक कॉपर-2 के हॉपर से कोयला निकाल रहे थे। शव को देखते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल इसकी सूचना एनटीपीसी प्रबंधन और स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की पहचान 30 वर्षीय कल्याण दास पिता बाबू दास, निवासी ग्राम मरकाडीह, थाना अकलतरा के रूप में की गई है।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृत युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी तरह कोयला लोडिंग के दौरान ट्रेन में चढ़ गया होगा और वहीं उसकी मौत हो गई। शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह लगभग दो से तीन दिन पुराना हो सकता है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। एनटीपीसी परिसर में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी इस घटना के बाद सवाल उठने लगे हैं।




