तंत्र-मंत्र के नाम पर ट्रिपल मर्डर : 5 लाख को 2.5 करोड़ करने का झांसा देकर 3 की हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। तंत्र-मंत्र के नाम पर रुपये दोगुने-चौगुने करने का लालच देकर तीन लोगों की नृशंस हत्या की गई। पुलिस ने इस मामले में एक तांत्रिक सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह मामला थाना उरगा क्षेत्र के ग्राम कुदरी स्थित एक फार्म हाउस का है, जहाँ 11 दिसंबर को तीन व्यक्तियों की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। जांच में सामने आया कि तांत्रिक आशीष दास ने 5 लाख रुपये को 2 करोड़ 50 लाख रुपये करने का झांसा देकर मृतकों को फार्म हाउस बुलाया था।
10 दिसंबर की रात तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के बहाने एक-एक कर तीनों मृतकों—नितेश रात्रे, असरफ मेमन और सुरेश साहू—को कमरे के अंदर बुलाया गया। नायलॉन रस्सी से गला घोंटकर तीनों की हत्या कर दी गई, जबकि बाहर खड़े सह-आरोपियों ने रस्सी खींचकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीनों की मौत का कारण नायलॉन रस्सी से गला घोंटना पाया गया है और मौत की प्रकृति हत्या बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नायलॉन रस्सी, तंत्र-मंत्र सामग्री, मोबाइल फोन, वाहन और 5 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
01-आशीष दास, पिता – मुकेश दास, उम्र 24 वर्ष, निवासी – कमेल बिहार, बिलासपुर।
02-राजेन्द्र जोगी, पिता – सुन्दर जोगी, उम्र 75 वर्ष, निवासी – जरहाभांठा, जिला बिलासपुर।
03 केशव सूर्यवंशी, पिता – स्व. राम खिलावन, उम्र 55 वर्ष, निवासी – घुरू, गोकुलधाम, सकरी, बिलासपुर।
04-अश्वनी कुर्रे, पिता – पुन्नीलाल, उम्र 42 वर्ष, निवासी – अमेरि, थाना सकरी, बिलासपुर।
05-संजय साहू उर्फ लव कुमार साहू, पिता – स्व. रामरतन साहू, उम्र 46 वर्ष, निवासी – मोदर, थाना सीपत, बिलासपुर।
06-भागवत प्रसाद, पिता – दिलहरण दास मेहतर, उम्र 48 वर्ष, निवासी – मुकाम मुड़ापार बाजार, मूल निवासी – गवरा पंतोरा, जिला जांजगीर-चांपा।
कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फिलहाल मामले में आगे की विवेचना जारी है।




