बिलासपुर

ट्रांसफार्मर में लगी आग सिंधी कॉलोनी में बिजली व्यवस्था फेल, रातभर अंधेरा, पानी संकट गहराया

(दिलीप जगवानी) : बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 19 भक्त कंवरराम नगर सिंधी कालोनी में काफ़ी दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार कटौती, लो वोल्टेज और ट्रांसफार्मर मे खराबी से स्थानीय लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच रातभर बिजली गुल रहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

Advertisement

स्थानीय रहवासियों के मुताबिक इलाके में पिछले कई दिनों से रोजाना रात के समय बिजली गुल जाती है और सुबह तक सप्लाई बहाल नहीं होती। बुधवार रात भी पूरी कॉलोनी घंटों अंधेरे में डूबी रही। लोगों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कंट्रोल रूम में शिकायत की, लेकिन रातभर कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। रहवासियों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही की वजह से समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

Advertisement

इलाके में लो वोल्टेज की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। रहवासियों का कहना है कि कम वोल्टेज के कारण कई घरों में लगे पानी के मोटर और अन्य बिजली उपकरण खराब हो गए। गुरुवार सुबह स्थिति और बिगड़ गई जब कॉलोनी के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय रहते सुधार कार्य नहीं होने से यह स्थिति बनी है।

 

बिजली सप्लाई ठप होने का असर अब पानी व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। घरों में लगे मोटर बंद है। बिजली नहीं रहने की वजह से लोगों को पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। भीषण गर्मी में बिजली और पानी दोनों संकट से जूझ रहे रहवासियों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने जल्द स्थायी समाधान, ट्रांसफार्मर बदलने और नियमित बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button