बिलासपुर में जल्द बड़ा बदलाव! गृह मंत्री विजय शर्मा के बयान से कमिश्नरेट सिस्टम की चर्चाएं तेज

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर की पुलिस व्यवस्था में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा के ताजा बयान के बाद शहर में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने की अटकलें तेज हो गई हैं। मीडिया से बातचीत में गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद अच्छे परिणाम मिले हैं और अब बिलासपुर में भी जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि उन्होंने इसकी कोई समय-सीमा या औपचारिक घोषणा नहीं की। बिलासपुर में लंबे समय से कमिश्नरेट सिस्टम लागू करने को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चर्चा चल रही है। ऐसे में गृह मंत्री का यह बयान इन चर्चाओं को और बल देता नजर आ रहा है।
उन्होंने बस्तर में नक्सल अभियान की सफलता और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत होने का भी जिक्र किया। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बिलासपुर में पुलिस व्यवस्था को लेकर सरकार कब और क्या बड़ा फैसला लेती है।




