निजी बसों में ओवरलोडिंग का खेल, यात्रियों की जान से खिलवाड़

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में निजी बस संचालकों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। क्षमता से ज्यादा सवारी बैठाकर यात्रियों की जान जोखिम में डाली जा रही है। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बस की छत और पीछे लटककर लोग सफर करते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि निजी बस में अंदर जगह नहीं बचने के बावजूद लगातार सवारियां बैठाई जा रही हैं।
कई यात्री बस की छत पर बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग बस के पीछे लटककर सफर कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बिलासपुर के तोरवा चौक से लेकर देवरीखुर्द मार्ग का है।आरोप है कि कई निजी बस संचालक रोजाना इसी तरह नियमों को ताक पर रखकर ओवरलोड सवारियां ढो रहे हैं। लोगों ने आशंका जताई है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की नजर इस गंभीर लापरवाही पर क्यों नहीं पड़ रही। वायरल वीडियो के बाद अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजर टिकी हुई है। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी है और अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।




