
बिलासपुर – सरकंडा थाना क्षेत्र में एक माह पूर्व हुई चोरी की घटना को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग ₹23,000 मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है।
मामला दिनांक 30 अप्रैल 2025 को दर्ज किया गया था जब अरविंद नगर, बंधवापारा निवासी रूप सिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 अप्रैल को वह अपने परिवार सहित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम पोड़ी गया हुआ था। अगली सुबह उसे पड़ोसी दुकानदार से फोन आया कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है। जब वह मौके पर पहुँचा, तो देखा कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने और नगदी मिलाकर कुल ₹95,000 का सामान चोरी हो गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध स्कूटी से घटनास्थल के आसपास घूमते दिखाई दिये। लगातार सुराग मिलने पर 29 मई को पुलिस को सूचना मिली कि तारबाहर का निगरानीशुदा बदमाश आस्टिन प्रकाश उर्फ छोटू अटल आवास क्षेत्र में देखा गया है और हाल ही में उसके द्वारा अधिक पैसे खर्च किए जा रहे हैं।
सूचना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया, जिन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित कर दबिश दी गई।
पुलिस ने आस्टिन प्रकाश को अशोक नगर से घेराबंदी कर पकड़ा, जिसने पूछताछ में अपने साथी दिनेश श्रीवास के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी का माल अमरौतिन बाई को देना बताया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दिनेश श्रीवास और अमरौतिन बाई को भी गिरफ्तार किया और चोरी का मशरूका बरामद किया। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- आस्टिन प्रकाश उर्फ छोटू (37 वर्ष)
- दिनेश श्रीवास (40 वर्ष)
- अमरौतिन बाई (60 वर्ष)




