रजिस्ट्री कार्यालय में आत्महत्या के प्रयास की खबर भ्रामक : पंजीयन विभाग ने जारी किया स्पष्टीकरण

रायपुर – सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर के अनुसार एक व्यक्ति द्वारा गुण्डरदेही रजिस्ट्री कार्यालय में त्रुटि सुधार को लेकर चक्कर काटने के बाद ज़हर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया गया। इस खबर को लेकर जनमानस में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजीयन विभाग द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और जिला पंजीयक बालोद से प्रतिवेदन प्राप्त किया गया।
विभाग द्वारा जारी आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया गया है कि रजिस्ट्री कार्यालय में राजस्व रिकॉर्ड जैसे कि खसरा या बी-1 में त्रुटि सुधार का कार्य नहीं किया जाता। पंजीयन की प्रक्रिया ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर होती है। संबंधित व्यक्ति रजिस्ट्री कार्यालय बिना किसी अपॉइंटमेंट और दस्तावेज के पहुँचा था और केवल आधार व बी-1 दिखाकर पूछताछ कर रहा था।

सीसीटीवी फुटेज में यह भी स्पष्ट हुआ है कि उक्त व्यक्ति ने सुनियोजित रूप से वीडियो रिकॉर्डिंग कराई और पंजीयन कार्यालय में हंगामा करते हुए बोतल से कुछ पीने का नाटक किया, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
पंजीयन विभाग ने यह भी बताया कि संबंधित व्यक्ति स्वयं उस दस्तावेज का पक्षकार नहीं था जिसके आधार और बी-1 में नाम भिन्नता की बात की जा रही थी। उसके पास कोई वैध दस्तावेज भी नहीं था, जिससे यह प्रमाणित हो सके कि वह रजिस्ट्री कराने आया है।
विभाग ने आम जनता को भी सचेत किया है कि दस्तावेजों के पंजीयन से पूर्व आधार और राजस्व रिकॉर्ड जैसे दस्तावेजों में समानता आवश्यक है। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो पहले संबंधित विभागों में जाकर उसे सुधरवाना चाहिए। आधार में सुधार हेतु आधार सेवा केंद्र और राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार हेतु राजस्व विभाग से संपर्क करना चाहिए।
पंजीयन विभाग की ओर से यह भी दोहराया गया है कि आधार आधारित वेरिफिकेशन प्रणाली से फर्जीवाड़ा रोका जा रहा है ताकि आम नागरिकों की संपत्ति से जुड़ी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
महानिरीक्षक पंजीयन, छत्तीसगढ़ रायपुर ने यह भी स्पष्ट किया कि रजिस्ट्री कार्यालय में राजस्व रिकॉर्ड या पहचान पत्रों की त्रुटि सुधार की कोई प्रक्रिया नहीं होती, अतः ऐसे मामलों में संबंधित विभाग से ही संपर्क किया जाना चाहिए।




