बिलासपुर

चार्ज लेते ही एक्शन में थाना प्रभारी, बदमाशों के घर दबिश, शराबियों पर सख्त कार्रवाई

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में नए प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभालते ही प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी एक्शन मोड में नजर आए। चार्ज लेने के दूसरे ही दिन पुलिस ने गुंडे-बदमाशों के ठिकानों पर दबिश दी, फ्लैग मार्च निकाला और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल बिगाड़ने वालों पर भी कार्रवाई की। पुलिस के इस अभियान से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।

Advertisement

कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से सिरगिट्टी पुलिस ने थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचीबद्ध बदमाशों और संदिग्ध लोगों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जांच की। अभियान के दौरान पुलिस ने समीर उर्फ बकरा मुंडी और राजू साहू उर्फ चिल्लर के घरों की तलाशी ली और उन्हें भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।

Advertisement

 

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति व्यवस्था भंग कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने चुचुहियापारा और गणेश नगर इलाके में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाया। इस दौरान संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का सत्यापन किया गया और सभी को अवैध गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई। वहीं मारपीट के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 

सिरगिट्टी थाना प्रभारी का प्रभार संभालने के साथ ही शुरू हुई इस सख्त कार्रवाई को पुलिस ने आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इसी तरह विशेष अभियान चलाकर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button