एक्सप्रेसवे पर बस डिवाइडर से टकराई….2 की मौत, 25 से ज्यादा घायल

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बहराइच से पंजाब जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
यह हादसा बहजोई थाना क्षेत्र के लहरावन इंटरचेंज के पास हुआ। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय नेहा और 36 वर्षीय चिंटू के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।




