नरेश साहू आत्महत्या मामला: कोतवाली चौक पर चक्काजाम, आरोपी सोहेल खान गिरफ्तार

(प्रदीप भोई) : बिलासपुर में हिंदू संगठन से जुड़े युवक नरेश साहू की आत्महत्या के विरोध में मंगलवार को सिटी कोतवाली चौक पर चक्काजाम किया गया। नरेश साहू ने मुंगेली जिले के बामपारा क्षेत्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले नरेश ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने एक मुस्लिम युवक पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

बताया जा रहा है कि नरेश साहू ने बांग्लादेशी हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में पुतला दहन किया था, जिसके बाद उसे लगातार परेशान किए जाने का दावा किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया, जिससे आक्रोशित हिंदू संगठनों ने सिटी कोतवाली चौक पर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के कारण शहर का प्रमुख यातायात प्रभावित रहा।

इस बीच पुलिस ने देर शाम जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली प्रकरण के आरोपी सोहेल खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में विधिवत जांच की गई, प्रार्थी के बयान के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई और सीसीटीवी सहित अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं।
बाईट – पंकज पटेल (एएसपी)
हालांकि इसी दौरान प्रार्थी द्वारा मुंगेली स्थित अपने निवास पर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली, जिसकी जांच मुंगेली पुलिस द्वारा की जा रही है। मामले में अलग से प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।




