डायल 112 के शासकीय कार्य में बाधा डालने वाला आरोपी गिरफ्तार…..

जांजगीर-चांपा: थाना पामगढ़ पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना 25 अप्रैल 2025 की सुबह की है, जब डायल 112 को सूचना मिली कि व्यासनगर पामगढ़ क्षेत्र में एक व्यक्ति गाली-गलौच कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डायल 112 में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
पुलिस जब आरोपी शैलेन्द्र साहू (उम्र 34 वर्ष, निवासी व्यासनगर, थाना पामगढ़) को समझाइश दे रही थी, तभी उसने पुलिसकर्मियों के साथ अश्लील गाली-गलौच करना शुरू कर दिया और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। लोगों के बीच-बचाव करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
ड्यूटीरत आरक्षक की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 220/25 दर्ज किया गया जिसमें आरोपी पर धारा 296, 351(3), 221, 121(1), 132, 238 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप व डीएसपी जितेन्द्र खुटे के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए पामगढ़ पुलिस ने आरोपी को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनोहर लाल सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कण्डे, आरक्षक टिकेश्वर राठौर, दुर्गा जगत एवं अन्य थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




