बिलासपुर

नौकरी लगाने के नाम पर 25 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, तीन साल से बदल रहा था ठिकाना

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर। नौकरी लगाने के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था। उसके खिलाफ पहले से गुम इंसान और धोखाधड़ी का मामला दर्ज था।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा में गुम इंसान क्रमांक 56/2023 दर्ज किया गया था। वहीं थाना हिर्री में अपराध क्रमांक 10/2026 धारा 420 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपी का नाम राजा भैया लहरे (26 वर्ष) निवासी ग्राम छेड़ोली (कांसा), थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा है। मामले की शिकायत अंबिका प्रसाद भारद्वाज (50 वर्ष) निवासी चंडीपारा उरईहा पामगढ़ द्वारा की गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने उनके बेटे राहुल भारद्वाज और भतीजे हरीश को नौकरी लगाने का झांसा दिया था।

Advertisement

आरोपी ने ऑनलाइन बैंक ट्रांजैक्शन के माध्यम से 17 लाख 65 हजार रुपये और नगद 7 लाख 35 हजार रुपये लेकर कुल 25 लाख रुपये की ठगी की। रकम लेने के बाद अक्टूबर 2023 से आरोपी फरार हो गया था। पीड़ित द्वारा पैसे वापस मांगने पर आरोपी द्वारा दबाव बनाया गया, जिसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। पतासाजी के दौरान 20 फरवरी 2026 को आरोपी को उसके गृह ग्राम छेड़ोली से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 75 हजार रुपये नगद और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button