अपहरण कर 50 हजार की फिरौती मांगने वाले आरोपी और नाबालिग गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक का अपहरण कर उसके परिवार से 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी थी।
पुलिस के अनुसार, भेलवापारा कलमीटार निवासी घनश्याम पाटले को रतनपुर के इशान सारथी, सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके साथियों ने घर से बुलाकर जबरन मोटरसाइकिल में बैठाया और कोरबाभांवर जंगल ले गए। वहां चाकू की नोक पर धमकाते हुए उसकी तस्वीर गांजे के साथ खींची गई और परिवार को फोन कर यह कहने के लिए मजबूर किया गया कि वह गांजा मामले में पुलिस के कब्जे में है और उसे छुड़ाने के लिए 50 हजार रुपये की जरूरत है।
आरोपियों ने फिरौती की रकम लेने के लिए पहले महामाया मंदिर बाईपास और बाद में हेलीपेड के पास बुलाया। इस दौरान परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की, जहां आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा कर इशान सारथी और एक नाबालिग को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
रतनपुर पुलिस ने अपहरण, धमकी और फिरौती मांगने के मामले में अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



