बिलासपुर

लॉकअप में बंद युवक ने खुद को किया घायल, सिम्स में कराया गया भर्ती

(प्रदीप भोई) : बिलासपुर – जरहाभाठा क्षेत्र में आयोजित शेख खलील डल्ला नाच कार्यक्रम के दौरान चाकू के साथ पकड़े गए एक युवक ने सिविल लाइन थाने के लॉकअप में खुद को ब्लेड से घायल कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने दबाव बनाने की नीयत से यह कदम उठाया।

Advertisement

पुलिस ने सुरक्षा जांच के दौरान रामा कुर्रे नामक युवक को चाकू के साथ पकड़ा था। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने के लॉकअप में रखा गया। इसी दौरान उसकी परिचित महिला और एक नाबालिग उससे मिलने पहुंचे। मुलाकात के कुछ देर बाद आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखे ब्लेड के छोटे टुकड़े से हाथ और सीने पर वार कर खुद को घायल कर लिया।

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। जांच में सामने आया है कि आरोपी ब्लेड का टुकड़ा मुंह के किनारे छिपाकर लाया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी सुरक्षित है और उसके खिलाफ अलग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, वहीं उससे मिलने आए लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button