नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी शिक्षक गिरफ्तार….

नाबालिग बालिका से अनाचार के मामले में फरार चल रहे शिक्षक गिरधारी राम यादव को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले कई दिनों से पुलिस की पकड़ से बच रहा था, लेकिन घर पहुंचते ही उसे धर दबोचा गया।
जशपुर में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी 54 वर्षीय शिक्षक गिरधारी राम यादव को पुलिस ने आखिरकार पकड़ लिया। पीड़िता जुलाई 2024 से आरोपी के घर पर घरेलू काम करती थी और वहीं रहते हुए स्कूल जाया करती थी। इसी दौरान आरोपी उसे अकेला पाकर कई बार छेड़छाड़ और दुष्कर्म करता रहा।
पीड़िता ने तंग आकर घर से निकलकर परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद सिटी कोतवाली में बीएनएस की धारा 74, 75, 64(2)(M), 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 व 8 के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कई पुलिस टीमें बनाईं गईं। आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी और एक टीम सादी वर्दी में उसके मोहल्ले में लगातार निगरानी रखे हुए थी।
पुलिस की इस रणनीति के बीच आरोपी जैसे ही अपने घर कपड़े और पैसे लेने पहुंचा, सादी वर्दी में तैनात टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार भी किया है।
जशपुर पुलिस का कहना है कि बच्चों और महिलाओं से जुड़े मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।




