Uncategorized

तालिबान ने उच्च शिक्षा पर जारी किया फरमान, महिलाओं के विश्वविद्यालयों में पढ़ने पर लगा प्रतिबंध

(शशि कोन्हेर) : काबुल :  अफगानिस्तान के निजी और सार्वजनिक विश्वविद्यालयों में महिलाओं के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से अगली सूचना तक प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह जानकारी तालिबान सरकार के एक प्रवक्ता ने दी। तालिबान सरकार की एक बैठक के बाद इस फैसले की घोषणा की गई। उच्च शिक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता जियाउल्लाह हाशमी द्वारा साझा किए गए पत्र में निजी और सार्वजनिक विश्वविद्यालयों को इसे जल्द से जल्द लागू करने को कहा गया है। हाशमी ने अपने पत्र को ट्वीट भी किया।

छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा पर प्रतिबंध
अफगानिस्तान के टोलो न्यूज बताया कि उच्च शिक्षा मंत्रालय ने अगली घोषणा तक देश में छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा को निलंबित करने का आदेश दिया है। बता दें कि तालिबान ने पिछले साल अगस्त में अफगानिस्तान पर कब्जा किया था, जिसके बाद से नागरिकों पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। उन प्रतिबंधों में विशेषकर महिलाओं और लड़कियों के लिए कठोर प्राविधान किए हैं।

तालिबान पहले भी लगा चुके हैं कई प्रतिबंध
बता दें कि इस्लामिक समूह ने सभी महिलाओं को सिविल सेवा में नेतृत्व के पदों से बर्खास्त कर दिया और अधिकांश प्रांतों में लड़कियों को माध्यमिक विद्यालय में जाने से रोक दिया। तालिबान का फरमान महिलाओं को तब तक यात्रा करने से रोकता है जब तक कि उनके साथ कोई पुरुष रिश्तेदार न हो और महिलाओं के चेहरे को सार्वजनिक रूप से ढकने की आवश्यकता होती है, जिसमें महिला टीवी एंकर्स भी शामिल हैं।

एंटोनियो गुटेरस ने अफगानिस्तान पर कहा-
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सोमवार को अफगानिस्तान में सत्ता संरचनाओं में सभी जातीय समूहों को शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि सभी जातीय समूहों का प्रतिनिधित्व किया जाए। उन्होंने अफगानिस्तान में मानवाधिकारों, विशेष रूप से महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों, काम करने के लिए महिलाओं के अधिकार, सभी स्तरों पर लड़कियों के स्कूल जाने के अधिकार को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button