धारदार चापड़ के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 8 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

बिलासपुर के सिविल लाईन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदुदण्ड इलाके में पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग–अलग मामलों में कुल 10 लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।
दिनांक 20 दिसंबर 2025 को सिविल लाईन पुलिस द्वारा गश्त और चेकिंग के दौरान सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से दो नग लोहे के धारदार चापड़ जप्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।गिरफ्तार आरोपियों में पवन भोसले और दुर्गेश राव मराठा शामिल हैं, दोनों कुदुदण्ड क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
वहीं, क्षेत्र में आपसी विवाद और अशांति फैलाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है। इस कदम का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण करना है।पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।




