चिट्टा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: फरार दो आरोपी गिरफ्तार, 7.12 ग्राम हेरोइन जब्त

रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। कबीर नगर थाना क्षेत्र में हेरोइन तस्करी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा बरामद किया गया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के तहत पश्चिम जोन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कार्रवाई करते हुए NDPS एक्ट के एक पुराने प्रकरण में फरार दो आरोपियों को धर दबोचा है।
थाना कबीर नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 261/25 धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के मामले में आरोपी सुखराज सिंह और सत्यम चंद्राकर फरार चल रहे थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी शहर में सक्रिय हैं।लगातार पतासाजी के बाद 18 फरवरी 2026 को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी सुखराज सिंह ने खारून नदी रेलवे ब्रिज के नीचे जमीन में छिपाकर रखी 7.12 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कराई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
इससे पहले इसी मामले में हरप्रीत कौर और उसके पति जोधा सिंह को भी गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनके पास से कुल 24 ग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की गई थी।दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।




