दंपति की संदिग्ध मौत: घर के अंदर जले मिले शव, मामला दर्ज, जाँच में जुटी पुलिस

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में एक बुजुर्ग दंपति के घर के भीतर जली हुई अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान 65 वर्षीय मंगल राठिया और उनकी 55 वर्षीय पत्नी पुनाई बाई राठिया के रूप में हुई है। बुधवार सुबह उनके घर में काम करने पहुंचे कर्मचारी ने मुख्य दरवाजा खुला देखा। अंदर एक कमरे से धुआं निकल रहा था। कमरे में दोनों के शव जली हुई हालत में पड़े मिले, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी, थाना प्रभारी, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शवों का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या एवं साक्ष्य छिपाने की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




