जादू-टोना के शक में चाचा की धारदार हसिया से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जादू-टोना के शक में भतीजे ने अपने ही चाचा की धारदार हसिया से गला रेतकर हत्या कर दी। लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
मामला चाम्पा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक मृतक राम प्रसाद पाल शिव मंदिर में पूजा-पाठ किया करता था। इसी बात को लेकर उसका बड़ा भाई अजीत पाल अक्सर विवाद करता और उस पर जादू-टोना करने का आरोप लगाता था। बताया जाता है कि आरोपी का कहना था कि जादू-टोने की वजह से उसका कारोबार प्रभावित हो रहा है।
21 सितंबर की शाम करीब 7 बजे आरोपी अजीत पाल ने धारदार हसिया से अपने छोटे भाई राम प्रसाद पाल का गला रेत दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल राम प्रसाद को परिजनों ने अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय और वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पीआईएल प्लांट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त धारदार हसिया भी बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में राहत की भावना है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास और जादू-टोना जैसी सोच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




