तेंदुए की संदिग्ध मौत, सड़क किनारे मिला शव…..

गरियाबंद जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां मैनपुर-धवलपुर मार्ग, नेशनल हाईवे 130-सी पर सड़क किनारे एक तेंदुए का शव मिला है। सुबह के समय राहगीरों और ग्रामीणों ने शव को देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का मुआयना किया। तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई, वहीं आसपास के इलाके में भी जांच की गई ताकि किसी तरह के हादसे या शिकार के संकेत मिल सकें।
वन विभाग की टीम ने नियमानुसार तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद विधिवत अंतिम संस्कार किया गया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
फिलहाल वन विभाग तेंदुए की मौत के पीछे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है। प्रारंभिक तौर पर सड़क दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आखिर इस दुर्लभ वन्यजीव की मौत कैसे हुई।



