गृह निर्माण मंडल की बड़ी लापरवाही: नामांतरण फाइल एक साल दबाई, VIDEO वायरल होते ही हुआ एक्शन

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर -छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल में एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है, जहां एक आवेदक का नामांतरण मामला एक साल से ज्यादा समय तक फाइलों में दबा रहा। अब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की गई है।मामला छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का है, जहां तोरण साहू ने 17 अप्रैल 2026 को एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर कार्यालयीन कार्यों में हो रही देरी को उजागर किया। वीडियो सामने आने के बाद विभाग हरकत में आया और बिलासपुर वृत्त से पूरे मामले की रिपोर्ट मंगाई गई। जांच में सामने आया कि अभिलाषा परिसर तिफरा, बिलासपुर स्थित ईडब्ल्यूएस फ्लैट का विक्रय लक्ष्मी साहू द्वारा तोरण साहू को किया गया था।
इसके बाद नामांतरण के लिए आवेदन 17 मार्च 2025 को जमा किया गया। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि एक साल से ज्यादा समय बीतने के बावजूद आवेदन का निराकरण नहीं किया गया। इतना ही नहीं, 11 नवंबर 2025 को नामांतरण प्रक्रिया के तहत जारी किया गया पत्र, अधिकारी के हस्ताक्षर और डिस्पैच होने के बावजूद संबंधित व्यक्ति तक पहुंचाया ही नहीं गया। बल्कि यह पत्र फाइल में ही दबा हुआ मिला, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडल ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की है। कार्यपालन अभियंता और प्रभारी संपदा अधिकारी एल.पी. बंजारे और कालोनी प्रभारी पूनम बजारे को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय नवा रायपुर अटल नगर में अटैच कर दिया गया है। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर आम जनता को अपने ही हक के लिए कब तक दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ेंगे।




