संदिग्ध बम सामग्री मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

राजधानी रायपुर के बीरगांव इलाके में संदिग्ध बम सामग्री मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रावाभाठा क्षेत्र के फुलवारी चौक वार्ड नंबर-13 स्थित एक मकान में पुलिस ने दबिश दी, जहां बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान मिलने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक जिस मकान में कार्रवाई की गई वह मितानिन पुष्पा साहू का बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ, एसीपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे इलाके की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई।
जांच के दौरान बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस को मकान से तार, बैटरी, पाउडरनुमा पदार्थ और देसी बम तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है। फिलहाल जब्त सामान की जांच जारी है और पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही है।




