अंधविश्वास ने ली मां की जान, बेटे ने कुल्हाड़ी से की हत्या…..

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सरवानी से अंधविश्वास से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां 38 वर्षीय विष्णु केंवट ने बैगा की बातों में आकर अपनी ही मां मंटोरा बाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि विष्णु के बच्चों की तबीयत लंबे समय से खराब रहती थी। इलाज के लिए वह वैद्य और बैगाओं के पास भटक रहा था। इसी दौरान एक बैगा ने उसे विश्वास दिलाया कि बच्चों पर जादू-टोना हुआ है और यह उसकी मां ही कर रही है।
बैगा की बातों पर यकीन कर शुक्रवार दोपहर विष्णु कुल्हाड़ी लेकर मां की झोपड़ी में पहुंचा और आरोपों से इनकार करने पर गुस्से में आकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
वारदात के बाद विष्णु सीधे चकरभाठा थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूलते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




