ड्राइवर पर जानलेवा हमला: नशे में धुत युवकों ने पेट में मारी धारदार वस्तु, हालत गंभीर

(भूपेंद्र सिंह राठौर/जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर में एक ट्रक ड्राइवर पर नशे में धुत अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। मामूली विवाद के बाद आरोपी ने ड्राइवर के पेट पर धारदार वस्तु से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस जांच में जुटी है।
घटना सोमवार दोपहर की है। सतीश कुमार, जो घुरू अमेरा का रहने वाला है, रोज की तरह सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक डंपर चला कर वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह पम्प हाउस के पास पहुंचा, तभी कुछ अज्ञात नशेड़ी युवकों ने उसे रोककर पैसे की मांग की।
पैसे को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने सतीश पर हमला कर दिया। उनके पास मौजूद चौकीले और धारदार वस्तु से किए गए वार के चलते सतीश के पेट पर गंभीर चोट आई है। घायल हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पीड़ित के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।




