बिलासपुर

आंधी-बारिश ने खोली व्यवस्थाओं की पोल, बिजली-पानी संकट गहराया

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में तेज आंधी और बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। मौसम बिगड़ते ही कई इलाकों की बिजली गुल हो गई, वहीं बिजली बंद होने से पानी सप्लाई भी प्रभावित हो गई। लोगों को उमस और गर्मी के बीच भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक मौसम बदलने के साथ तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के चलते शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई जगहों पर फाल्ट आने और तारों पर पेड़ की डालियां गिरने की जानकारी सामने आई है।

Advertisement

मंगला क्षेत्र के अल्का एवेन्यू और दीनदयाल कॉलोनी में तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद इलाके की बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई। बिजली बंद होने से पानी सप्लाई भी प्रभावित हुई और लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।

Advertisement

शहर के सिरगिट्टी, सकरी, तारबाहर, तोरवा, राजकिशोर नगर समेत कई इलाकों में लंबे समय तक बिजली बाधित रहने की शिकायतें सामने आईं। अचानक बिजली गुल होने से घरों के साथ दुकानों और छोटे कारोबारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

 

मौसम विभाग ने पहले ही तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया था। इसके बावजूद व्यवस्थाएं पूरी तरह संभली नजर नहीं आईं। लोगों ने बिजली और पानी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है।फिलहाल बिजली विभाग की टीम गिरे पेड़ों को हटाने और फाल्ट सुधारने में जुटी हुई है, लेकिन आंधी-बारिश के बीच शहरवासियों की परेशानी लगातार बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button