खड़ी ट्रेलर में लगी आग, तीन साल के मासूम की जलकर मौत

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – खड़ी टेलर में अचानक लगी आग की चपेट में आने से साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे की जलकर मौत हो गई। यह हादसा रतनपुर थाना क्षेत्र के साधीपारा वार्ड क्रमांक 7 का है।जानकारी के मुताबिक साधीपारा निवासी संजय यादव पेशे से ट्रक चालक है। सुबह करीब 10 बजे वह माल खाली कर घर लौटा और टेलर को घर के पास खड़ा कर चला गया। इसी दौरान उसका साढ़े तीन साल का बेटा खेलते-खेलते पास खड़ी टेलर में चढ़ गया, जिसकी किसी को भनक तक नहीं लगी।
दोपहर करीब 2 बजे अचानक टेलर में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। गंभीर रूप से झुलसने के कारण मासूम की हालत नाजुक हो गई और इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।मासूम की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




