सौतेले पिता ने की ढाई साल के मासूम की हत्या, 15 दिनों से कर रहा था पिटाई, मां भी शामिल; पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार.…

रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। हीरापुर सतनामी बस्ती में ढाई साल के बच्चे की सौतेले पिता ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। पुलिस ने मां और सौतेले पिता दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 18 नवंबर दोपहर 12 बजे की है। एम्स अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने दो साल 7 महीने के प्रशांत सेन की डेडबॉडी का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराया। डॉक्टरों की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में अननेचुरल डेथ यानी हत्या की पुष्टि की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी सौतेला पिता आकिब खान पिछले 15 दिनों से बच्चे को हाथ और मुक्कों से लगातार पीटता था। घटना वाले दिन नाक, सीने और पेट में गहरी चोट लगने से बच्चे की मौत हो गई। मां रेशमी ताम्रकार ने भी घटना को छिपाने की कोशिश की।
पुलिस ने मौके का मुआयना, गवाहों के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आकिब और रेशमी के खिलाफ धारा 103(1), 238, 3(5) BNS के तहत अपराध क्रमांक 239/2025 दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। मासूम की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में दुख और आक्रोश का माहौल है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।




