कोरबाछत्तीसगढ़

बेटा ही निकला एसईसीएल कर्मचारी की पत्नी और बेटी का कातिल

कोरबा: कोरबा में SECL कर्मचारी की पत्नी और उसकी 21 साल की बेटी की शुक्रवार को स्थित घर पर ही बाथरूम में खून से लथपथ लाश मिली थी। अब पुलिस ने इस मामले में कर्मचारी के ही 19 साल के बेटे अमन को हिरासत में लिया है।

उससे पूछताछ की जा रही है। अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। लड़के ने चाकू मार कर हत्या की है। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार, आरके दास SECL की कुसमुंडा स्थित खदान में कार्यरत हैं और आदर्श नगर में रहते हैं। सुबह की शिफ्ट के चलते वह रोज की तरह सुबह करीब 5-6 बजे दफ्तर चले गए। बताया जा रहा है कि वह दोपहर करीब 1.30 बजे घर लौटे तो देखा कि दरवाजा पूरा खुला हुआ है।

इस पर वे अंदर गए और आवाज दी, पर कोई जवाब नहीं मिला। जब दास आंगन से होते हुए बाथरूम की ओर गए तो वहां पत्नी लक्ष्मी दास और बेटी आंचल की खून से लथपथ लाश पड़ी थी।

इसके बाद दास ने पुलिस को सूचना दी। डबल मर्डर की जानकारी पर थोड़ी ही देर में पुलिस पहुंच गई। शरीर पर जगह-जगह घाव के निशान हैं। इस पर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया। पुलिस के आने के बाद कुछ देर बाद दास का बेटा अमन भी पहुंच गया। उसके हाथ में पट्‌टी बंधी हुई थी।

उसे देखते ही डॉग स्क्वायड के डॉग ने उस पर छलांग लगा दी। संदेह के आधार पर पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। इस पर वह घबरा गया। बताया जा रहा है कि आरोपी लड़के ने पहले बाथरूम में नहा रही अपनी बहन पर चाकू से हमला किया। उसकी चीख सुनकर मां पहुंची तो उन पर भी चाकू से कई वार किए।

दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान आरोपी के हाथ में भी चोटें आईं। वहां से भागकर वह अस्पताल गया और ड्रेसिंग कराई। इसके बाद घूमता रहा। पुलिस पहुंचने के बाद वह भी घर पहुंचा।

बेटे ने स्वीकारी हत्या की बात

पुलिस के मुताबिक लड़के से पूछताछ की जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसने हत्या क्यों की है। उसकी गतिविधियां शुरू से संदिग्ध लग रही थीं।

इसके चलते उस पर शक हुआ। हाथ में बैंडेज बंधे होने के कारण भी शक बढ़ गया। पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है, लेकिन बाकी जांच आगे जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button