घरेलू विवाद में बेटे ने पिता की हत्या की, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही पिता की हत्या कर दी। मामला ग्राम हल्दी झरिया के बढ़ई पारा का है, जहां आरोपी विजय कुमार नाग ने अपने पिता सदानंद नाग पर लकड़ी के टुकड़े से हमला कर उनकी जान ले ली।
पुलिस के मुताबिक, 16 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे पिता-पुत्र के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने लकड़ी की फाड़ी से अपने पिता के सिर और माथे पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बागबहार पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टर की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत का कारण सिर पर गंभीर चोट बताया गया है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी भी जप्त कर ली गई है। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




