बिलासपुर

रेलवे क्वार्टर में चोरी, लाखों के जेवर-नकदी ले उड़े चोर….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे हॉस्पिटल के पास गणेश मंदिर मार्ग स्थित सूने रेलवे क्वार्टर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, रेलकर्मी मनीष साहू शुक्रवार को चिंगराजपारा में एक शादी में गए हुए थे और इसके बाद सिरगिट्टी चले गए। शनिवार सुबह जब वे लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी खंगालकर करीब 50 हजार रुपये नकद और लगभग 4 तोला सोने के जेवरात पार कर दिए।

Advertisement

पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान में मंगलसूत्र, अंगूठी, गले की चेन समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। कुल नुकसान 4 से 5 लाख रुपये के बीच बताया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इलाके में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, लेकिन इस ओर कभी सख्त कार्रवाई नहीं की जाती।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। रेलवे क्वार्टर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी साफ देखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button