ऑपरेशन शंखनाद के तहत 14 गौवंश कराए गए मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार

जशपुर पुलिस की गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। ऑपरेशन शंखनाद के तहत लोदाम और मनोरा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में कुल 14 गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया गया है। पुलिस ने एक मामले में फिल्मी स्टाइल में बोलेरो का पीछा कर एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है।
पहला मामला चौकी मनोरा क्षेत्र का है, जहां पुलिस को सूचना मिली कि सिल्वर रंग की बोलेरो (JH 02-9977) में गौवंशों को ठूंस-ठूंस कर झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही लोदाम और मनोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने कांटाबेल गांव में नाकेबंदी की। बोलेरो को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वाहन भाग निकला।
पुलिस ने पीछा करते हुए वाहन को एक मोड़ पर पकड़ लिया। तस्कर वाहन से उतरकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने एक आरोपी खालिद खान को पकड़ लिया और 6 गौवंशों को सुरक्षित छुड़ा लिया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इसी दिन लोदाम थाना क्षेत्र में एक अन्य मामले में पुलिस को सूचना मिली कि कोनबीरा के जंगलों से तस्कर 8 गौवंशों को बेरहमी से पीटते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की, लेकिन आरोपी भाग निकले। सभी 8 गौवंशों को मौके से सुरक्षित बरामद किया गया और पशु चिकित्सक की निगरानी में परीक्षण भी कराया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना लोदाम और चौकी मनोरा की पुलिस टीम की सक्रियता सराहनीय रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि गौ तस्करी के तरीके जरूर बदल रहे हैं, लेकिन पुलिस की तैयारी और मुखबिर तंत्र भी उतना ही मजबूत है। ऑपरेशन शंखनाद आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।




