जशपुर में कथित चार्टर प्लेन क्रैश की खबर निकली अफवाह, जांच में नहीं मिला कोई साक्ष्य

जशपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां कथित चार्टर प्लेन क्रैश की सूचना फिलहाल अफवाह साबित होती नजर आ रही है।दरअसल, सोमवार दोपहर नारायणपुर क्षेत्र में धुआं उठने की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया, प्रशासन की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी किसी तरह के विस्फोट या विमान गिरने जैसी आवाज सुनने की पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ड्रोन कैमरों की मदद से इलाके की सघन निगरानी कर रही है। अब तक जांच में किसी भी तरह के प्लेन क्रैश का कोई साक्ष्य सामने नहीं आया है, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी की पुष्टि के बाद ही उस पर विश्वास करें।




