रायपुर
मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी, 87 मोबाइल और नगदी के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कटोरा तालाब के पास शोभा टेलीकॉम मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चोरी की घटना में शामिल 2 आरोपी और विधि विवादित 2 नाबालिग समेत कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 87 नग नए-पुराने मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नगद और 2 एक्टिवा गाड़ियां जब्त की हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 21 लाख 20 हजार रुपये है।
मुख्य आरोपी नवीन पिंजानी की गिरफ्तारी के बाद बाकी तीन आरोपी महाराष्ट्र भाग रहे थे, जिन्हें नागपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन में पकड़ा गया। मुख्य आरोपी शेख इमरोज पूर्व में लूट, नकबजनी और आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है। सिविल लाइन थाना और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है।




