गणतंत्र दिवस पर रायगढ़ को मिले नए पुलिस अधीक्षक, डीआईजी शशि मोहन सिंह ने किया ध्वजारोहण

रायगढ़ – 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रायगढ़ जिले में एक ऐतिहासिक संयोग देखने को मिला, जब नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने विधिवत पदभार ग्रहण करने के साथ ही ध्वजारोहण किया। पुलिस कार्यालय परिसर में आयोजित गरिमामय समारोह में उन्होंने सशस्त्र गार्ड की सलामी के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
छत्तीसगढ़ शासन गृह (पुलिस) विभाग द्वारा 22 जनवरी 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश के परिपालन में श्री शशि मोहन सिंह ने 26 जनवरी को रायगढ़ जिले के 21वें पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार संभाला। वर्ष 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी शशि मोहन सिंह ने ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में उन्होंने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान से हमें यह लोकतांत्रिक व्यवस्था मिली है, जिसकी रक्षा और कानून का पालन कराना पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा में श्री सिंह ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता प्रभावी अपराध नियंत्रण, पारदर्शी और संवेदनशील पुलिसिंग तथा कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, प्रशासनिक विभागों और मीडिया के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, साधना सिंह, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




