‘ऑपरेशन आघात’ : नशीले इंजेक्शन के साथ दो गिरफ्तार, नाबालिगों को बेच रहे थे इंजेक्शन

रायगढ़ में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जूटमिल क्षेत्र में किशोरों को नशीले इंजेक्शन बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। “ऑपरेशन आघात” के तहत की गई इस कार्रवाई में 22 नग नशीले इंजेक्शन और नगदी बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने साफ संदेश दिया है कि किशोरों को नशे की ओर धकेलने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
मामला जूटमिल थाना क्षेत्र के कायाघाट इलाके का है, जहां एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने मुखबिर सूचना पर दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।पहली कार्रवाई कायाघाट बाबाकुटी के पास की गई, जहां से रवि गुप्ता नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 10 नग Butorphanol Tartrate Injection “BUTRUM” और 200 रुपये नगद बरामद हुए। आरोपी इंजेक्शन 200 रुपये प्रति एम्पुल बेच रहा था और कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
दूसरी कार्रवाई कायाघाट चौपाटी तिराहा के पास की गई, जहां सुरेश वर्मा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 12 नग नशीले इंजेक्शन और 300 रुपये नगद जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी ने इंजेक्शन झारसुगुड़ा, उड़ीसा से लाकर किशोरों को बेचने की बात स्वीकार की।दोनों मामलों में थाना जूटमिल में अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जानते थे कि यह दवा मादक प्रभाव वाली है और इसके सेवन से किशोरों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा हो सकता है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “नशीली दवाओं के माध्यम से किशोरों को नशे की ओर धकेलने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”




