बिलासपुर

बिलासपुर में धूमधाम से हुआ रावण दहन, रेलवे, पुलिस मैदान, शास्त्री स्कूल सरकंडा और देवकीनंदन स्कूल में उमड़ा जनसैलाब

(शशि कोन्हेर) :बिलासपुर। आज विजयादशमी पर्व पर बिलासपुर शहर मे‌ रेलवे के मैदान, पुलिस मैदान शास्त्री स्कूल मैदान सरकंडा और देवकीनंदन स्कूल समेत कई स्थानों पर धूमधाम से रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। सर्वतो प्रमुख कार्यक्रम बिलासपुर के पुलिस मैदान में संपन्न हुआ। जहां नगर निगम के द्वारा बनाए गए 51 फीट ऊंचे रावण का जोशोखरोश के साथ दहन किया गया। यहां रावण दहन में बतौर अतिथि पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री अटल श्रीवास्तव, महापौर श्री रामशरण यादव, जिला पंचायत के अध्यक्ष अरुण सिंह ठाकुर शहर विधायक श्री शैलेश पांडे नगर निगम के सभापति श्री नजीरूद्दीन छोटे समेत बड़ी संख्या में शहर के प्रमुख तथा कांग्रेस के नेता और अपार जन समुदाय मौजूद रहा।

सर्वाधिक चर्चित और प्रमुख दशहरा उत्सव के रूप में अपनी प्रसिद्धि कायम करने वाले पुलिस मैदान का दशहरा उत्सव कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस मैदान में चारों ओर अपार जनसमूह प्रभु श्री राम की जय जय कार करता रावण दहन के कार्यक्रम में शरीक हुआ।

लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में पूर्व मंत्री तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अमर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में रावण दहन का आयोजन किया गया, वही रेलवे मैदान में बिलासपुर सांसद व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने रावण दहन किया, इसी तरह शहर के बस स्टैंड सरकंडा और तिलक नगर के देवकीनंदन स्कूल परिसर समेत जगह जगह अहंकार के प्रतीक रावण का दहन कर असत्य पर सत्य के विजय का पर्व विजयादशमी मनाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button