देश

पंजाब विधानसभा चुनाव : कांग्रेस चन्नी पर ही दांव लगाने की तैयारी में…कल होगी घोषणा… ढोल, ताशा, पटाखे तैयार..!

(शशि कोन्हेर) : चण्डीगढ़ – मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भांजे की गिरफ्तारी के माहौल के बीच कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब में मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा की तैयारी कर ली है। छह फरवरी को लुधियाना में होने वाली राहुल गांधी की वर्चुअल रैली के लिए सभी विधायकों, उम्मीदवारों और जिला कांग्रेस कमेटियों को संदेश भेजकर बड़ी एलईडी (स्क्रीनें) लगाने के आदेश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार चन्नी को ही मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में पेश कर दिया जाएगा। शुक्रवार को पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी की ट्वीट ने भी इसी ओर इशारा किया है।

चरणजीत सिंह चन्नी का मुख्यमंत्री का कार्यकाल 111 दिन का रहा है। कांग्रेस ईडी की कार्रवाई को सहानुभूति में बदलने के लिए भी सक्रिय हो गई है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के अलावा सुनील जाखड़ भी मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर ताल ठोकने में लगे हैं। 27 जनवरी को राहुल गांधी के पंजाब दौरे के दौरान चन्नी और सिद्धू अमृतसर से लेकर जालंधर तक राहुल से यही मांग करते रहे थे कि वे उसी दिन मुख्यमंत्री चेहरे का एलान करके जाएं। राहुल जालंधर से वर्चुअल रैली को संबोधित करने के लिए आए थे।

भंगड़ा टीम, पटाखे तैयार रखने के निर्देश

पार्टी हाईकमान के लगाए गए पर्यवेक्षकों ने मौजूदा विधायकों, उम्मीदवारों और पार्टी नेताओं को छह फरवरी की वर्चुअल रैली की तैयारियों के निर्देश दिए हैं। लुधियाना में छह फरवरी को दोपहर दो बजे वर्चुअल रैली के जरिए राहुल गांधी पंजाब में सीएम चेहरे की घोषणा करेंगे। सीएम चेहरे की घोषणा के बाद जश्न के लिए भंगड़ा टीम, मिठाई, पटाखों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button