देश

प्रियंका ने की वादों की बौछार – 100 यूनिट मुफ्त बिजली, 500 में सिलेंडर और पुरानी पेंशन योजना बहाल

(शशि कोन्हेर) : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश दौरे पर हैं। एमपी के जबलपुर में प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया। जबलपुर पहुंचने के बाद सबसे पहले प्रियंका गौरी घाट पहुंची और वहां पर नर्मदा पूजन किया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मौजूद रहे। इसके बाद प्रियंका रैली स्थल रवाना हो गईं और विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा चुनाव प्रचार का शंखनाद किया।

रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने प्रदेश की जनता से 5 मुख्य वादे किए। सीधे शब्दों में कहें तो प्रियंका ने किसानों, महिलाओं, मध्यम वर्ग और युवाओं को साधने का प्रयास किया। प्रियंका गांधी ने 100 यूनिट मुफ्त बिजली, 500 रुपये में गैस सिलिंडर, महिलाओं को 1500 रुपये हर महीने और पुरानी पेंशन बहाली का वादा किया।

रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, “जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां हमने अपना वादा पूरा किया है। मध्य प्रदेश में भी मात्र डेढ़ साल की सरकार में कांग्रेस ने 27 लाख किसानों का 11,600 करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 300 रुपए से बढ़ाकर 600 रुपए किया। 1 करोड़ परिवारों को 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली योजना का लाभ मिला। 1 हजार गौशालाओं का निर्माण हुआ और आदिवासियों के लिए 12 हजार बर्तन बैंक बनाए।”

बीजेपी पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, “BJP ने 220 महीनों के शासन में 225 घोटाले किए हैं। व्यापम घोटाला, शिक्षक भर्ती घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला, खनन घोटाला, कोरोना घोटाला, बिजली विभाग का घोटाला, ई-टेंडर घोटाला, टीवी सेट वितरण घोटाला। इन्होंने नर्मदा मैया और महाकाल कॉरिडोर को भी नहीं छोड़ा। राजनीति में भी धर्म जैसी आस्था होनी चाहिए। नेताओं के दिलों में भी जनता और देश के प्रति ऐसी ही आस्था होनी चाहिए।जिन्होंने स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी, उनके दिल में भी देश के प्रति यही आस्था थी।”

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button