खेल-खेल में फंसी गगरी, सिम्स के डॉक्टरों ने बचाई मासूम की जान

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर में खेल-खेल में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब 3 साल की मासूम बच्ची के सिर में स्टील की गगरी फंस गई। परिजनों की सूझबूझ और डॉक्टरों की तत्परता से बच्ची की जान सुरक्षित बचा ली गई।मामला असीम चिकित्सालय क्षेत्र का है, जहां खेलते समय एक 3 वर्षीय बच्ची ने स्टील की गगरी अपने सिर पर डाल ली। गगरी इस तरह फंस गई कि बच्ची का चेहरा और गर्दन पूरी तरह उसमें जकड़ गए।
परिजनों ने घर पर ही गगरी निकालने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। घबराए परिजन उसे तुरंत सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया।डॉ. बी. डी. तिवारी के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने सावधानीपूर्वक स्टील गगरी को काटकर बच्ची के सिर से बाहर निकाला। पूरी प्रक्रिया बेहद सतर्कता के साथ की गई, जिससे बच्ची को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
डॉक्टरों के मुताबिक, पहले किए गए प्रयासों के कारण बच्ची को हल्की चोटें आई थीं, लेकिन समय पर अस्पताल पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है।डॉक्टरों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को खेलते समय खतरनाक वस्तुओं से दूर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।




