कोच प्रकाश राव की मेहनत लाई रंग, बिलासपुर के खिलाड़ियों ने इंटरनेशनल में जीता खिताब

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में एक कोच की मेहनत और समर्पण ने नया इतिहास रच दिया है। उनके मार्गदर्शन में तैयार हुए खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है। यह सफलता सिर्फ खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि उनके कोच की तपस्या और समर्पण की भी कहानी है।
नेपाल में आयोजित इंडो–नेपाल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में बिलासपुर के शुभम साहू और पियूष कैवर्त ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने 3×3 मुकाबले के फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इस सफलता के पीछे सबसे बड़ी भूमिका उनके कोच टी.एस. प्रकाश राव की रही। वे न सिर्फ एक अनुभवी कोच हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए चीन में कप्तानी की और अब अपने अनुभव से युवा खिलाड़ियों को तराशने का काम कर रहे हैं।
प्रकाश राव अपने पिता के नाम पर “स्वामी अकादमी” चलाते हैं, जहां वे लगातार खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। उनकी कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन का ही नतीजा है कि बिलासपुर के खिलाड़ी अब सीधे अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच रहे हैं। यह उपलब्धि बताती है कि सही कोच और समर्पण हो तो छोटे शहरों से भी बड़े सपने साकार हो सकते हैं।




