बिलासपुर

पांच मेडिकल कॉलेजों को मान्यता नहीं मिलने पर गरमाई सियासत, पूर्व विधायक ने सरकार पर साधा निशाना

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – प्रदेश के पांच मेडिकल कॉलेजों को मान्यता नहीं मिलने के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे प्रदेश और युवाओं के भविष्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक आदिवासी बहुल राज्य है और ऐसे प्रदेश में एक साथ पांच मेडिकल कॉलेजों को मान्यता नहीं मिलना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि कुनकुरी, जो मुख्यमंत्री का क्षेत्र है, और मनेंद्रगढ़, जो स्वास्थ्य मंत्री से जुड़ा क्षेत्र है, वहां के मेडिकल कॉलेजों को भी मान्यता नहीं मिल पाई, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।

Advertisement

शैलेश पांडेय ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये का ओवररेटेड टेंडर जारी किया गया था, जिसे बाद में चुपचाप रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले पर जनता के सामने जवाब देना चाहिए। पूर्व विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों को मान्यता नहीं मिलने से प्रदेश के हजारों छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर छत्तीसगढ़वासियों का अपमान करने और युवाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। मेडिकल कॉलेजों की मान्यता और निर्माण कार्यों को लेकर उठे सवालों के बीच अब सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है। देखना होगा कि इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी आगे और कितना तूल पकड़ती है।

 

Related Articles

Back to top button