घरेलू नौकरानी समेत तीन आरोपी चोरी के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार, 2 लाख की ज्वेलरी बरामद.

बिलासपुर – सकरी पुलिस ने सजगता और तेजी दिखाते हुए सोने के जेवर और नगदी चोरी के मामले में चंद घंटों के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में चोरी गई संपत्ति भी बरामद कर ली गई है, जिसकी कुल कीमत दो लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
मामला 18 जून 2025 का है, जब सकरी थाना क्षेत्र की रहने वाली प्रार्थिया रजनी सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 मई को उन्होंने अपनी अलमारी में सोने का चैन, मंगलसूत्र, कान की बाली और ₹11,000 नगद रखे थे। 17 जून को जब उन्होंने अलमारी चेक की तो सभी जेवर और पैसे गायब थे।
इस रिपोर्ट पर सकरी थाना पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 408/2025 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थिया के घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका दुर्गेश्वरी वर्मा से सघन पूछताछ की। शुरुआत में वह गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।बदुर्गेश्वरी ने बताया कि उसने अपने भाई हरिशंकर कश्यप की मदद से चोरी किए जेवरातों को ग्राम मोहतरा कुर्मी, थाना लालपुर निवासी विनोद सोनी को बेचा था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों – दुर्गेश्वरी वर्मा, हरिशंकर कश्यप और विनोद सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी गए सोने की चैन, मंगलसूत्र, एक जोड़ी बाली और नगदी ₹3700 रुपए समेत कुल ₹2,01,931 मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के साथ सउनि राजकुमार वस्त्रकार, मप्रआर मालती तिवारी, आरक्षक अफाक खान, रूपेश कौशिक और मआर कीर्तन पोर्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




